हाईवे किनारे चारा बिक्री पर रोक और कचरा हटाने की मांग, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
उदयपुर, 5 अगस्त। गौवंश को सड़क दुर्घटनाओं और बीमारियों से बचाने की मांग को लेकर Animal Protection Society, Udaipur के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। संस्था की अध्यक्ष डॉ. माला मट्ठा ने बताया कि राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों के किनारे गौवंश के लिए चारा (रजका) बेचे जाने से बड़ी संख्या में मवेशी सड़कों पर आ जाते हैं, जिससे दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं और कई गौवंश की जान जा रही है। संस्था ने हाईवे किनारे चारा बिक्री पर रोक लगाने, अवैध विक्रेताओं को हटाने तथा शहर और राजमार्गों के आसपास फैले कचरे के ढेर तत्काल साफ कराने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि कचरे में प्लास्टिक और अन्य हानिकारक वस्तुएं खाने से गौवंश गंभीर बीमारियों का शिकार हो रहा है। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई गई। कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया.