*कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा की मौजूदगी में गूंजा विजयादशमी का उल्लास, भव्य आतिशबाजी के बीच हुआ रावण दहन*
*विजयादशमी पर दशहरा मैदान में उमड़ा जनसैलाब, शोभायात्रा एवं अजय हुड्डा-गौरी काजल की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां*
*सवाई माधोपुर, 20 अक्टूबर।*
नगर परिषद सवाई माधोपुर की ओर से दशहरा मैदान स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित दशहरा मेला-2026 के तहत मंगलवार को विजयादशमी का पर्व उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि कैबिनेट एवं कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा की उपस्थिति में भव्य आतिशबाजी के बीच रावण, कुंभकरण एवं मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान हजारों शहरवासी एवं दर्शक उपस्थित रहे।
विजयादशमी के अवसर पर शाम को माउंटाउन क्लब से शोभायात्रा निकाली गई, जो सिविल लाइन होते हुए हम्मीर ब्रिज से दशहरा मैदान पहुंची। दशहरा मैदान में शौभायात्रा पहुंचने पर शाम 7:39 बजे से 7:52 बजे तक भव्य आतिशबाजी की गई। इसके साथ 7:45 बजे कुंभकरण, 7:46 बजे मेघनाद तथा 7:48 बजे रावण के पुतले का दहन किया गया। कुंभकरण का पुतला 1 मिनट 45 सेकंड, मेघनाद का 1 मिनट 30 सेकंड तथा रावण का पुतला 2 मिनट में जलकर ढेर हो गया। आतिशबाजी और पुतलों के दहन के दौरान मैदान में मौजूद दर्शकों ने उत्साह के साथ विजयादशमी का पर्व मनाया। इस अवसर पर बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया ।
रावण दहन के पश्चात दशहरा मैदान स्टेडियम ग्राउंड में सांस्कृतिक संध्या आयोजित हुई। हरियाणवी कलाकार अजय हुड्डा एवं गौरी काजल तथा उनकी पार्टी ने अपने लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शक झूमते नजर आए और तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। रंगारंग प्रस्तुतियों से दशहरा महोत्सव का माहौल उल्लासमय हो गया।
कार्यक्रम में नगर परिषद सभापति मेवा चौधरी, उपसभापति माया गोयल, अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, उपखंड अधिकारी शिवराज मीना, नगर परिषद आयुक्त दिलीप सिंह पूनिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।