मूंग खरीदी केंद्र पर अनियमितता, केंद्र प्रभारी निलंबित; गंजबासौदा समिति को उपार्जन कार्य से किया पृथक
..
एसडीएम, तहसीलदार, डीडीए कृषि, एसएडीओ और मण्डी सचिव की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर आकस्मिक जांच की
..
पंजीकृत कृषकों का उपार्जन कार्य किरवाया समिति एवं नये सर्वेयर द्वारा निरंतर जारी रहेगा
..
कलेक्टर के निदेशों के अनुपालन में बासौदा एसडीएम, तहसीलदार, डीडीए कृषि विभाग विदिशा, बासौदा एसएडीओ और मण्डी सचिव बासौदा की संयुक्त टीम ने आज बासौदा के बंजारी माता वेयर हाउस मूंग खरीदी केन्द्र की मौके पर पहुंचकर जाँच की। जांच में पाया गया कि बंजारी माता वेयर हाउस पर दिनांक 06 अगस्त से 07 अगस्त 2026 तक, कृषक संख्या 104 एवं कुल मूंग उपार्जन 930 क्विंटल खरीदा गया। निरीक्षण के दौरान वेयर हाउस में 105 बोरी नॉन एफएक्यू मूंग तुलाई उपरांत बारकोड, टैग, सिलाई सहित रखी पाई गई। इस नॉन एफएक्यू मूंग तुलाई में सर्वेयर प्रदुम्न यादव द्वारा सैंपल ऑनलाइन रिजेक्ट नहीं किया गया और न ही रिजेक्ट मूंग का सैंपल पृथक रखकर मौके पर कोई पंजी संधारित की गई।
केंद्र प्रभारी आशीष शर्मा ने उक्त अमानक मूंग की बगैर एफएक्यू प्रमाण पत्र के तुलाई कर वेयर हाउस के अंदर रख दी। केन्द्र प्रभारी व सर्वेयर के द्वारा उक्त कृत्य किए जाने से विपणन संघ व राज्य शासन को 4,56,750 रूपये की क्षति होना संभावित है। वेयर हाउस के बाहर बद्री सिंह, हरि सिंह, कुलदीप सिंह, राजेंद्र सिंह, सविता प्रदीप सिंह, स्नेहा प्रदीप सिंह ग्राम पुरवाई के कृषकों ने क्रमशः 28.5 क्विंटल, 16.5 क्विंटल, 18 क्विंटल, 09 क्विंटल तुलाई उपरांत बारकोड सहित सिलाई सहित तिरपाल से ढकी पाई गई। जो निरीक्षण पर एफएक्यू पाया गया है। परंतु केंद्र प्रभारी द्वारा बाहर तुलाई कर बाहर ही बोरियों को रखा गया है। जो कि मूंग उपार्जन नीति का उल्लंघन है।
उक्त संबंध में नोडल अधिकारी बासौदा द्वारा सर्वेयर के विरूद्ध थाने में आवेदन दिया गया है तथा 6 और 7 अगस्त को खरीदी गई मूंग की गुणवत्ता परीक्षण के लिए मंडी निरीक्षक की ड्यूटी लगाई गई है। मंडी निरीक्षक द्वारा आकस्मिक जांच किये जाने पर वेअरहाऊस में क्रय किया गया मूंग गुणवत्ताहीन पाया गया। विपणन समिति प्रबंधक द्वारा खरीदी केन्द्र प्रभारी श्री आशीष शर्मा को निलंबित कर दिया गया है। समिति द्वारा मूंग उपार्जन कार्य में शासन नियमों का पालन न किये जाने पर विपणन समिति गंजबासौदा को मूंग उपार्जन कार्य से प्रथक कर दिया गया है एवं किरवाया सहकारी समिति को सोमवार 10 अगस्त 2026 से मूंग उपार्जन का कार्य सौंपा गया है। पंजीकृत कृषकों का उपार्जन जिनका स्लॉट बुक है, उनका उपार्जन कार्य किरवाया समिति एवं नये सर्वेयर द्वारा निरंतर किया जाएगा। #vidisha
73 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Aug 9, 2026