- राइजिंग स्टार्स कॉन्वेंट स्कूल में धूमधाम से मनाया गया फाउंडर्स डे
- नन्हे-मुन्नों ने सांस्कृतिक विविधता, सामाजिक सरोकार और देशभक्ति से भरी प्रस्तुतियों से मोहा मन
भिवानी, 01 अक्टूबर। शहर की प्रमुख शिक्षण संस्थान राइजिंग स्टार्स कॉन्वेंट स्कूल में गुरुवार को वार्षिक उत्सव बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर हरियाणा के प्रमुख शिक्षाविद एवं राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित दीवान चंद रहेजा थे। कार्यक्रम में भिवानी के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी शिरकत की।
समारोह में स्कूल के नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत की सांस्कृतिक विविधता, सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और देशभक्ति से जुड़े रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से ‘जल बचाओ’, ‘स्वच्छ भारत’, ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
स्कूल की निदेशक श्रीमती प्रेमलता नरूला ने कहा की स्कूल का हर बच्चा आगे बढ़े इसके लिए विशेष तौर पर सभी बच्चो को मंच पर लाया गया है। उन्होंने कहा की आज का बच्चा देश की नीव है और नीव को मजबूत करना सभी अध्यापकों का काम है।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण शहीद-ए-आजम भगत सिंह और शहीद सुखदेव के जीवन एवं बलिदान को समर्पित प्रस्तुति रही। नन्हे कलाकारों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुति के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को भावपूर्ण ढंग से याद किया।
बच्चों ने भारत के विभिन्न राज्यों की लोक-संस्कृति, वेशभूषा और परंपराओं को भी अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से मंच पर जीवंत किया। रंग-बिरंगी वेशभूषा, संगीत, नृत्य और आत्मविश्वास से भरी बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरी।
समारोह के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, अभिभावकों एवं सभी गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया। फाउंडर्स डे समारोह ने बच्चों की प्रतिभा, भारतीय संस्कृति, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रप्रेम का सुंदर संगम प्रस्तुत किया।
इस मौके पर रजनीश नरूला, मनीषा नरूला व अरुणा नरूला सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।