NH-139 को फोरलेन की मंजूरी मिलने पर पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने की प्रेस वार्ता।
औरंगाबाद। पटना से झारखंड सीमा तक जाने वाले बहुप्रतीक्षित एनएच-139 फोरलेन परियोजना को केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने के बाद औरंगाबाद के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी।
पूर्व सांसद ने बताया कि पटना के नौबतपुर से अरवल और औरंगाबाद होते हुए झारखंड की सीमा पर स्थित हरिहरगंज तक करीब 88 किलोमीटर लंबी सड़क को फोरलेन बनाने की स्वीकृति सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने दे दी है। इस परियोजना पर लगभग 2500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वर्तमान में यह सड़क दो लेन की है और एनएच-139 के रूप में अधिसूचित है, जिसे पहले स्टेट हाईवे-2 के नाम से जाना जाता था।
*12.3 KM लंबा अरवल बाईपास भी बनेगा*
सुशील सिंह ने बताया कि परियोजना के तहत केवल सड़क चौड़ीकरण ही नहीं, बल्कि कई शहरों में बाईपास भी बनाए जाएंगे। इसमें 12.3 किलोमीटर लंबा अरवल बाईपास प्रमुख है, इसके अलावा दाउदनगर, औरंगाबाद, ओबरा और अंबा में भी बाईपास बनेंगे। औरंगाबाद में जीटी रोड पर एक फ्लाईओवर का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिससे शहर में जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि जब वे सांसद थे, तब लगातार लोकसभा में इस परियोजना की मांग उठाई थी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी तथा मंत्रालय के सचिव वी. उमाशंकर से मिलकर डीपीआर और बाईपास को लेकर विस्तृत चर्चा की थी।
इस स्वीकृति के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पथ निर्माण विभाग का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि इस फोरलेन के बनने से औरंगाबाद, अरवल, पटना के साथ झारखंड के पलामू, गढ़वा और छत्तीसगढ़ से आने-जाने वाले लाखों लोगों को सुगम आवागमन, बेहतर कनेक्टिविटी और विकास के नए अवसर मिलेंगे।