लवली स्वीट्स की डीजल भट्ठी में लगी आग, कर्मचारी की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
-सिरसा के बेगू रोड पर मची अफरा-तफरी, दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने मिलकर बुझाई आग
सिरसा।
शहर के बेगू रोड स्थित लवली स्वीट्स शॉप में वीरवार शाम अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग दुकान के बाहर रखी डीजल से चलने वाली भट्ठी में लगी, जिसके बाद लपटें पास में रखी अन्य भट्ठियों तक पहुंच गईं। हालांकि कर्मचारियों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय दुकान पर कर्मचारी कार्य कर रहे थे। इसी दौरान डीजल वाली भट्ठी में अचानक आग भड़क उठी और कुछ ही पलों में लपटें तेज हो गईं। आग को फैलता देख एक कर्मचारी ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए रस्सी और तार की मदद से जलती हुई भट्ठी को दुकान से दूर खींचकर बाहर कर दिया। इस कदम से आग के दुकान के भीतर फैलने का खतरा काफी हद तक टल गया। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने मिट्टी और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। वहीं दुकान में उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों का भी उपयोग किया गया। सामूहिक प्रयासों से आग पर जल्द ही नियंत्रण पा लिया गया।
घटना के समय दुकान के बाहर कई मोटरसाइकिलें और अन्य वाहन खड़े थे। आग बढ़ने की आशंका को देखते हुए लोगों ने तत्काल वाहनों को वहां से हटा दिया। यदि आग वाहनों तक पहुंच जाती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। आग की ऊंची लपटें देखकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। सुरक्षा के मद्देनजर दुकान के अंदर का शीशा बंद कर दिया गया और आग को फैलने से रोका गया। दुकान संचालक के अनुसार आग डीजल से चलने वाली भट्ठी में लगी थी। आसपास के लोगों और दुकानदारों की मदद से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे किसी प्रकार का बड़ा नुकसान नहीं हुआ। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों ने कर्मचारी की बहादुरी और सूझबूझ की सराहना करते हुए कहा कि उसकी तत्परता के कारण एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
Sirsa, Sirsa | Jun 18, 2026