बीएससी नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध मौत से सनसनी, मां ने लगाया दुष्कर्म और हत्या का आरोप
एक युवक व सहेली के खिलाफ तहरीर, आत्महत्या का रूप देने की कोशिश का भी आरोप; पुलिस जांच में जुटी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद में बीएससी नर्सिंग की तैयारी कर रही एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मामले में मृतका की मां ने कोतवाली खलीलाबाद में तहरीर देकर एक युवक और छात्रा के साथ रह रही उसकी सहेली पर दुष्कर्म, हत्या और साक्ष्य मिटाने की कोशिश जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।तहरीर के अनुसार, मृतका थाना धनघटा क्षेत्र के हैसर बाजार की निवासी थी और खलीलाबाद के गोरखल ग्रामीण क्षेत्र में किराये के कमरे में रहकर बीएससी नर्सिंग की तैयारी कर रही थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 1 अगस्त की रात सहेली की कथित मिलीभगत से अनु अग्रहरि नामक युवक ने छात्रा के साथ जबरन दुष्कर्म किया और बाद में उसकी हत्या कर दी।मृतका की मां का कहना है कि घटना के बाद आरोपियों ने फोन कर बताया कि उनकी बेटी ने जहर खा लिया है। सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद 108 एंबुलेंस से छात्रा को अस्पताल ले जाकर पूरे मामले को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया, ताकि वास्तविक घटना छिपाई जा सके।उधर, पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और मामले की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। #संतकबीरनगर #UPPolice