मतदाता सूची पुनरीक्षण-2026 की समीक्षा बैठक संपन्न, प्रेक्षक अभय वर्मा ने दिए शुद्ध एवं त्रुटिरहित सूची तैयार करने के निर्देश
..
स्थानीय निर्वाचन के अंतर्गत वार्षिक मतदाता सूची पुनरीक्षण-2026 के कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा बैठक प्रेक्षक श्री अभय वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई थी। निर्वाचन प्रेक्षक श्री अभय वर्मा ने जिले में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रेक्षक श्री वर्मा ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की सफलता के लिए सटीक एवं विश्वसनीय मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए जाएं तथा अपात्र अथवा त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों को नियमानुसार संशोधित किया जाए। साथ ही सभी दावों एवं आपत्तियों का समयबद्ध और निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे पुनरीक्षण कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की तथा प्रगति से अवगत कराया।
बैठक के अंत में अपर कलेक्टर श्री अनिल कुमार डामोर ने प्रेक्षक द्वारा दिए गए निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को समयसीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़े सभी कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूर्ण किए जाएं ताकि आगामी स्थानीय निर्वाचन की तैयारियां सुचारू एवं पारदर्शी रूप से संपन्न हो सकें।
कलेक्ट्रेट के बेतवा सभागार में संपन्न हुई इस बैठक में अपर कलेक्टर श्री अनिल कुमार डामोर, जिला पंचायत सीईओ श्री ओ.पी. सनोडिया, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती दीपाश्री गुप्ता, तहसीलदार शहरी एवं ग्रामीण, जनपद पंचायत विदिशा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा नगरपालिका परिषद विदिशा के मुख्य नगरपालिका अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं जिले के विभिन्न विकासखंडों से रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा नगर निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए थे।
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP #vidisha
Vidisha, Madhya Pradesh | Jun 13, 2026