भरमौर में कांग्रेस की मासिक बैठक में संगठन की मजबूती पर मंथन, ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भरमौर की जनरल हाउस की मासिक बैठक शनिवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस भरमौर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संजय ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों तथा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव मनमोहन कटोच और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं भरमौर विधानसभा क्षेत्र प्रभारी बलविंदर सिंह बबलू विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर रणनीति पर विचार-विमर्श किया।
बैठक के दौरान ‘वोट चोरी’ के आरोपों से जुड़े मुद्दे को लेकर भी चर्चा हुई। कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की ओर से एसडीएम भरमौर के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग रखी गई। ज्ञापन में चुनाव प्रक्रिया से संबंधित उठाए गए सवालों और कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों का उल्लेख किया गया।
इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट सुरजीत भरमौरी, एपीएमसी अध्यक्ष ललित ठाकुर, जिला परिषद सदस्य खनी वार्ड सुभाष चंद, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ब्रह्मानंद ठाकुर और युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक सक्रिय बनाने तथा क्षेत्र से जुड़े जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर भी जोर दिया।
Dharwala, Chamba | Oct 3, 2026