"गांव में आने तो दो सरपंच को, तब बताएंगे.."
भरतपुर। रूपवास क्षेत्र के नगला जरैला गांव में मूलभूत सुविधाओं के अभाव के चलते ग्रामीणों को नारकीय जीवन जीने पर मजबूर होना पड़ रहा है। गांव में जर्जर खरंजे और खुले पड़े नाले के कारण रोजाना जलभराव व कीचड़ की स्थिति बनी रहती है। इस अव्यवस्था से न केवल आम राहगीरों और बुजुर्गों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, बल्कि स्कूल जाने वाले मासूम बच्चे और बेजुबान पशु भी कई बार खुले नाले में गिरकर चोटिल हो चुके हैं। पंचायती राज प्रशासन व सरपंच की अनदेखी से आक्रोशित ग्रामीणों ने जल्द से जल्द खरंजा निर्माण व नाले को कवर कराने की मांग उठाई है। स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन ने इस गंभीर समस्या का अतिशीघ्र समाधान नहीं निकाला, तो वे उग्र आंदोलन व धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।