भीषण गर्मी में राहगीरों को मिली राहत
बीटीएम चौक पर श्रीश्याम तोरण द्वार पर लगाई गई मीठे पानी की छबील
प्रत्येक जन को दूसरों की मदद करना सिखाते है सनातन संस्कार : घनश्याम शर्मा
भिवानी, 22 जून : जून महीने की रिकॉर्ड तोड़ तपिश और चिलचिलाती धूप के बीच जहां आम जनजीवन बेहाल है, वहीं इस भीषण गर्मी में राहगीरों को राहत पहुंचाने के लिए सामाजिक और धार्मिक संस्थाएं आगे आ रही हैं। इसी कड़ी में स्थानीय बीटीएम चौक स्थित श्रीश्याम तोरण द्वार के समीप श्री श्याम वाटिका पर ठंडे व मीठे पानी की छबील का आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों राहगीरों, रिक्शा चालकों, राह चलते मजदूरों और वाहन चालकों ने रुककर मीठा पानी पीकर अपनी प्यास बुझाई और इस परोपकारी कार्य की सराहना की। इस कार्य और आयोजन के उद्देश्य के बारे में जानकारी देते हुए श्री श्याम मंदिर के संस्थापक घनश्याम शर्मा ने समाज को सेवा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और इस भीषण गर्मी में किसी प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि हमारे सनातन संस्कार हमें हमेशा दूसरों की मदद करना सिखाते हैं। हर साल की भांति इस साल भी बढ़ते तापमान और तपती धूप को देखते हुए हमने इस मीठे पानी की छबील का आयोजन किया है। हमारा उद्देश्य केवल राहगीरों की प्यास बुझाना नहीं, बल्कि इस तपिश में उन्हें थोड़ी राहत और मानसिक सुकून देना भी है। बाबा श्याम की असीम कृपा से यह सेवा कार्य निरंतर जारी है और आगे भी हम इस तरह के सामाजिक व धार्मिक कार्यों के माध्यम से समाज की सेवा करते रहेंगे। इस दौरान छबील पर सेवादारों ने पूरी निष्ठा और उत्साह के साथ आने-जाने वाले हर व्यक्ति को रोक-रोककर आदर सहित ठंडा पानी पिलाया। स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने श्री श्याम मंदिर समिति और घनश्याम शर्मा के इस प्रयास की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। लोगों का कहना था कि ऐसी तपती दोपहरी में इस तरह के आयोजन मानवता की सच्ची सेवा की मिसाल हैं। इस अवसर पर सुनील गोयल, सतीश सैनी, सुदेश तुलसियान, शैलेन्द्र सिंह, विजय शर्मा, धु्रव, अशोक शर्मा, एडवोकेट ज्योति भारद्वाज, पूनम, सविता, पवन अरोड़ा, संगीता मित्तल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।