उत्तर प्रदेश के रामपुर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है... साल 2007-08 के सीआरपीएफ कैंप आतंकी हमले के मामले में आरोपी रहे मोहम्मद शरीफ की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई... थाने से पुलिस वेरिफिकेशन कराकर बेटे के साथ घर लौट रहे शरीफ पर बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं... शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर आठ गोलियों के निशान मिले हैं... आखिर इस हत्या के पीछे कौन है? पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है...
खौफनाक तस्वीरें रामपुर के बिलासपुर क्षेत्र से सामने आई हैं... जहां खजुरिया थाना क्षेत्र के पास मंगलवार 10 नवंबर को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार दो नकाबपोश हमलावरों ने मोहम्मद शरीफ को निशाना बना लिया...
जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद शरीफ अपने बेटे के साथ बाइक से पुलिस वेरिफिकेशन कराकर वापस घर लौट रहे थे... तभी अपाचे बाइक पर सवार दो हमलावर उनके पास पहुंचे और अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी...
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 16 राउंड गोलियां चलाईं... इस दौरान आठ गोलियां शरीफ को लगीं... गंभीर रूप से घायल शरीफ को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया...
शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनके शरीर पर आठ गोलियों के निशान मिलने की बात सामने आई है... वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए...
मोहम्मद शरीफ का नाम साल 2007-08 के रामपुर सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर आतंकी हमले के मामले में सामने आया था... 31 दिसंबर 2007 और 1 जनवरी 2008 की दरम्यानी रात हुए इस हमले में सीआरपीएफ के सात जवान शहीद हुए थे, जबकि एक रिक्शा चालक की भी जान गई थी...
इस मामले में नवंबर 2019 में निचली अदालत ने शरीफ समेत चार आरोपियों को फांसी की सजा सुनाई थी... हालांकि अक्टूबर 2025 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सबूतों के अभाव में शरीफ को इस मामले में बरी कर दिया था...
अब पुलिस इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी है... घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फॉरेंसिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं...
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर मोहम्मद शरीफ की हत्या किसने और क्यों की? क्या इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश है या कोई दूसरी वजह? फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही हत्या की असली वजह और हमलावरों का खुलासा हो सकेगा...