डॉक्टर्स डे पर सरेंजा में मानवता का महादान, 26 रक्तवीरों ने बचाई अनगिनत जिंदगियों की उम्मीद
चार महिलाओं समेत 26 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान, रक्तदाताओं को किया गया सम्मानित
डॉक्टरों ने युवाओं से नियमित रक्तदान और शुभ अवसरों पर रक्तदान की परंपरा अपनाने की अपील की
बक्सर. राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर बुधवार को सरेंजा स्थित डॉ. धनपति रॉय हॉस्पिटल मानवता और सेवा का केंद्र बन गया, जहां माँ तपेश्वरी देवी ब्लड सेंटर एवं ब्लड बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रक्तदान महाशिविर में 26 रक्तवीरों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर कई जरूरतमंदों के जीवन की उम्मीद बढ़ाई. शिविर का उद्घाटन अस्पताल की निदेशक डॉ. शिखा राय एवं डॉ. अवनी राय ने संयुक्त रूप से किया. इस दौरान ब्लड बक्सर के नसीम नायक और आदिल खान भी उपस्थित रहे.
शिविर में चार महिला रक्तदाताओं गुड़िया देवी, सीमा देवी, काजल कुमारी और संगीता कुमारी सहित कुल 26 लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया. रक्तदान करने वालों में सुनील पाण्डेय, आशुतोष राय, शुभम कुमार, आशीष पाण्डेय, जितेंद्र कुमार, मो. बिस्मिल्ला खां, संदीप राय, अंकुर कुमार मौर्य, नीरज सिंह, अभिषेक राय, कुश कुमार, घरभरण पाण्डेय, चंदन कुमार सहित अन्य रक्तदाता शामिल रहे.
डॉ. शिखा राय ने कहा कि रक्तदान केवल किसी जरूरतमंद को जीवन देने का माध्यम नहीं, बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है. इससे नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है, शरीर में आयरन का संतुलन बना रहता है तथा हृदय रोग सहित कई बीमारियों के खतरे को कम करने में मदद मिलती है. उन्होंने बताया कि रक्तदान से पहले और बाद में रक्तचाप, नाड़ी, तापमान, हीमोग्लोबिन, एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी तथा सिफिलिस जैसी आवश्यक जांचें निःशुल्क की जाती हैं.
डॉ. अवनी राय ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी मरीज के लिए जीवनदान बन सकता है. उन्होंने "शुभारंभ – नई सोच, नई परंपरा" अभियान के तहत शादी, जन्मदिन और अन्य शुभ अवसरों पर रक्तदान करने की परंपरा शुरू करने की अपील की, ताकि ब्लड बैंकों में रक्त की कमी दूर की जा सके.
ब्लड बक्सर के नसीम नायक ने बताया कि यह जुलाई माह का पहला रक्तदान शिविर था. उन्होंने युवाओं से रक्तदाता के रूप में पंजीकरण कराने का आह्वान करते हुए कहा कि संस्था प्रत्येक माह शिविर आयोजित कर लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करती है. उन्होंने बताया कि यह शिविर भारत सरकार की "नेशन वाइड मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव" के समर्थन में आयोजित किया गया, जिसका संदेश है—"वन ड्रॉप ऑफ ह्यूमैनिटी, गिव ब्लड, सेव लाइव्स."
कार्यक्रम के अंत में माँ तपेश्वरी देवी ब्लड सेंटर के संतोष चौबे ने अस्पताल प्रबंधन, सभी रक्तदाताओं तथा ब्लड बक्सर की टीम का आभार व्यक्त किया. सभी रक्तदाताओं को डॉ. धनपति रॉय हॉस्पिटल की ओर से मोमेंटो एवं माँ तपेश्वरी देवी ब्लड सेंटर की ओर से प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया. शिविर को सफल बनाने में अस्पताल के सभी कर्मियों एवं माँ तपेश्वरी देवी ब्लड सेंटर की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
Buxar, Buxar | Jul 2, 2026