जिला पंचायत सीईओ श्रीमती देशमुख गौड़ा ने विभिन्न क्षेत्रों का किया निरीक्षण : व्यवस्थाओं में सुधार के दिए कड़े निर्देश
______________________
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा ने जिले में ग्राम पंचायतों, चिकित्सालयों, निर्माणाधीन विद्यालयों एवं जनपद पंचायत कार्यालय का दौरा कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आमजन से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली तथा अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर जनहितकारी कार्यों को समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जन सेवा अभियान के अंतर्गत आयोजित रक्तदान शिविर में एकत्रित 501 यूनिट रक्त को गंभीर रूप से रक्त की कमी से पीड़ित महिलाओं को चढ़ाए जाने की व्यवस्था का निरीक्षण करने हेतु सीईओ ने संजय गांधी चिकित्सालय एवं जिला चिकित्सालय का दौरा किया। मरीजों से बातचीत कर व्यवस्थाओं को जाना और एनेमिक महिलाओं को प्राथमिकता पर रक्त उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने अटल ग्राम सेवा सदन एवं सामुदायिक भवन सगरा का निरीक्षण कर स्थानीय नागरिकों से शासकीय योजनाओं के लाभ के संबंध में चर्चा की। वृंदावन गांव के रूप में चयनित ग्राम सगरा में उप मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार गौशाला निर्माण हेतु तत्काल भूमि आरक्षित करने के निर्देश दिए। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने डीएमएफ मद के तहत शैलाचाक स्व-सहायता समूह की महिलाओं को संगठित कर दीए बनाने का कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए, जिससे आगामी दीपावली त्योहार में दीयों के विक्रय से समूह को आय अर्जित हो सके। ग्राम पंचायत सगरा एवं चौडियार में पौधरोपण किया गया तथा ग्रामीणों को भी वृक्षारोपण हेतु जागरूक किया गया।
सीएम राइज स्कूल रायपुर कर्चुलियान के नवनिर्माणाधीन भवन का निरीक्षण कर शेष 20 प्रतिशत निर्माण कार्य को एक माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दो दिवस में सीसीटीवी कैमरे एवं कंट्रोल पैनल लगाने, इलेक्ट्रिक ऑडिट कराने, पेयजल, वाटर प्यूरीफायर व्यवस्था तथा पुस्तकालय प्रारंभ करने हेतु प्राचार्य एवं उपयंत्री को निर्देशित किया गया। विद्यालय में नियमित साफ-सफाई के निर्देश दिए गए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जनपद पंचायत कार्यालय रायपुर कर्चुलियान का औचक निरीक्षण कर कार्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं की प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी हेतु ई-लाइब्रेरी एवं स्मार्ट लाइब्रेरी तैयार करने का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के शत-प्रतिशत मस्टर जारी करने एवं पुराने लंबित निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। जनपद अंतर्गत अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ई-अटेंडेंस के माध्यम से शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने पर जोर दिया।
ग्राम पंचायत चौडियार में गौशाला के निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने गौशाला की मरम्मत, बिजली एवं पानी की व्यवस्था को 7 दिवस के अंदर पूर्ण करने के निर्देश दिए। गौशाला का संचालन स्व-सहायता समूह के माध्यम से कराने तथा पशु सखी प्रशिक्षण आयोजित करने हेतु पशु चिकित्सा सर्जन एवं डीपीएम एनआरएलएम को निर्देशित किया गया।
Jansampark Madhya Pradesh
#Rewa #रीवा
12 views | Rewa, Madhya Pradesh | Oct 9, 2026