नेपाल की बाढ़ में पिहानी के दो युवक लापता, घरों में कोहराम
-अपर तिरसूली पावर प्रोजेक्ट में करते थे काम, दो साल से नेपाल में थे तैनात
- क्रेन ऑपरेटर और कटर ऑपरेटर थे दोनों युवक • तलाश जारी, अब तक नहीं मिला कोई सुराग
हरदोई। नेपाल में आई भीषण बाढ़ ने पिहानी क्षेत्र के अहेमी गांव के दो परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। अपर तिरसूली पावर प्रोजेक्ट-वन, नेपाल में काम करने वाले पिहानी क्षेत्र के दो युवक बाढ़ के बाद से लापता हैं। दोनों की तलाश के लिए स्थानीय टीम जुटी हुई है, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है। युवकों के लापता होने की खबर से परिवारों में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और हर गुजरते पल के साथ उनकी चिंता बढ़ती जा रही है। पिहानी के ग्राम अहेमी के पास झाला निवासी पपेंद्र सिंह (35) पुत्र दरबार सिंह और ऋषि पाल सिंह (22) पुत्र हरजिंदर सिंह करीब दो वर्षों से नेपाल में रहकर काम कर रहे थे। पपेंद्र सिंह पावर प्रोजेक्ट में क्रेन ऑपरेटर, जबकि ऋषि पाल सिंह कटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत थे। बताया गया कि नेपाल में आई बाढ़ के दौरान दोनों से संपर्क टूट गया। इसके बाद से उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
पत्नी की आंखों से थम नहीं रहे आंसू
पपेंद्र सिंह के लापता होने के बाद उनकी पत्नी रविंद्र कौर का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोग लगातार नेपाल में संपर्क कर दोनों युवकों की जानकारी लेने का प्रयास कर रहे हैं। घर में परिजनों और रिश्तेदारों की भीड़ लगी है। हर कोई उनके सकुशल लौटने की दुआ कर रहा है।
तलाश में जुटी टीम, शव भी नहीं मिले
नेपाल में बाढ़ के बाद दोनों युवकों की तलाश की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि तेज बाढ़ के पानी की चपेट में आने से दोनों बह गए हों, हालांकि अभी तक न तो दोनों का पता चला है और न ही उनके शव बरामद हुए हैं। परिजनों को अब भी उम्मीद है कि दोनों कहीं सुरक्षित होंगे और जल्द ही उनकी कोई खबर मिलेगी।
नेपाल में रोजी-रोटी कमाने गए पिहानी के इन दोनों युवकों के लापता होने से पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। ग्रामीण और परिचित परिवारों के संपर्क में रहकर उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं।
Hardoi, Hardoi | Aug 28, 2026