#भरतपुर। ऐतिहासिक 107वें श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशु मेला-2026 के तीन दिवसीय अखिल भारतीय विराट कुश्ती दंगल का बुधवार को नुमाइश मैदान स्थित महाराजा सूरजमल कुश्ती स्टेडियम में भव्य समापन हुआ। अंतिम दिन देशभर और ब्रज क्षेत्र के नामचीन पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। मेला अधिकारी डॉ. अरविंद सिंह चौधरी ने बताया कि अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित ‘जसवंत केसरी’ प्रतियोगिता में 80 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग के फाइनल मुकाबले में झज्जर (हरियाणा) के पहलवान हर्ष ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें 1 लाख 1 हजार रुपये का चेक, भव्य गुर्ज, पट्टा एवं स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। दीपक नूरपुर द्वितीय तथा दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम के सागर तृतीय स्थान पर रहे। इसी प्रकार, भरतपुर जिले के पहलवानों के लिए आयोजित ‘भरतपुर जिला केसरी’ प्रतियोगिता में दीपक नूरपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर जिला केसरी का खिताब अपने नाम किया। सतवीर सेह द्वितीय तथा पंकज परमदरा तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं को निर्धारित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। दंगल में आयोजित अन्य प्रतियोगिताओं के परिणाम भी रोमांचक रहे। अखिल भारतीय स्तर की ‘जसवंत कुमार’ प्रतियोगिता के 68 किलोग्राम से कम भार वर्ग में रोहतक के परविंदर प्रथम, अभिषेक द्वितीय तथा रोहित तृतीय स्थान पर रहे। राजस्थान के पहलवानों के लिए आयोजित ‘जसवंत किशोर’ प्रतियोगिता के 60 किलोग्राम से कम भार वर्ग में भीलवाड़ा के रिकी बिश्नोई ने प्रथम, भरतपुर स्टेडियम के ओम हरी ने द्वितीय तथा अजमेर के मनन जाट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, ‘जसवंत बसंत’ प्रतियोगिता के 50 किलोग्राम से कम भार वर्ग में भीलवाड़ा के गौरव बिश्नोई प्रथम, शिवम बिश्नोई द्वितीय तथा डीग जिले के टांकौली के सुमित तृतीय स्थान पर रहे। अन्य भार वर्गों में 97 किलोग्राम वर्ग में बयाना के अमित कलसाड़ा, 86 किलोग्राम वर्ग में दिल्ली के विशेष, 74 किलोग्राम वर्ग में दिल्ली के भविष्य जीत तथा 70 किलोग्राम वर्ग में झज्जर के कृष्णान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 61 एवं 65 किलोग्राम वर्ग में कुम्हेर के विकास डीडवारी और 57 किलोग्राम वर्ग में आगरा के अभिषेक विजेता रहे। बाल पहलवान वर्ग में 50 किलोग्राम से कम भार वर्ग में भरतपुर एकेडमी के दीपांशु तथा 40 किलोग्राम से कम भार वर्ग में भरतपुर के देव मलाह ने प्रथम स्थान हासिल किया। तीन दिवसीय इस आयोजन में पहलवानों ने अपने दमखम, तकनीक एवं खेल भावना का प्रदर्शन किया। दंगल के सफल समापन के साथ ही श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशु मेला-2026 में कुश्ती प्रतियोगिताओं का प्रमुख आयोजन संपन्न हुआ।