प्रेस विज्ञप्ति
समाहरणालय, मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय, मधेपुरा
दिनांक : 24 जुलाई, 2026
*शांति, सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मधेपुरा में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में निकाला गया फ्लैग मार्च*
मधेपुरा, 24 जुलाई। जिले में शांति, सामाजिक सौहार्द एवं सुदृढ़ विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला पदाधिकारी श्री अभिषेक रंजन एवं पुलिस अधीक्षक श्री संदीप सिंह के संयुक्त नेतृत्व में मधेपुरा नगर क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया।
फ्लैग मार्च का शुभारंभ यूनिवर्सिटी गेट से हुआ, जो कॉलेज चौक, पुरानी बाजार, सदर अस्पताल, सदर थाना, सुभाष चौक,पूर्णिया गोला ,कर्पूरी चौक होते हुए पश्चिमी बाईपास मार्ग के रास्ते पुनः कर्पूरी चौक तक निकाला गया। मार्च के दौरान विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए आमजन को शांति, सद्भाव एवं कानून के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
फ्लैग मार्च में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, सशस्त्र पुलिस बल तथा अन्य संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों ने भाग लिया। पूरे मार्ग में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ एवं सतर्क रही।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा असामाजिक गतिविधि को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन अथवा पुलिस को दें।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना, असामाजिक तत्वों में कानून का भय उत्पन्न करना तथा यह स्पष्ट संदेश देना है कि जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर एवं त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द एवं शांति बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने तथा प्रशासन का पूर्ण सहयोग करने की अपील की है। प्रशासन ने विश्वास दिलाया कि जिले में शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम निरंतर उठाए जा रहे हैं।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar