नेपाल-चीन बॉर्डर पर बाढ़ का बड़ा खतरा, प्राकृतिक झील का बैरियर टूटा
नेपाल-चीन सीमा। नेपाल-चीन बॉर्डर पर आई विनाशकारी फ्लैश फ्लड के बाद अब एक और बड़े खतरे की आशंका जताई जा रही है। सामने आई जानकारी के मुताबिक, नेपाल के रसुवा और भोटेकोशी नदी क्षेत्र के पास बनी एक प्राकृतिक झील का बैरियर टूट गया है। इसके चलते नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने और निचले इलाकों में दोबारा भयंकर बाढ़ आने का खतरा पैदा हो गया है।
बताया जा रहा है कि स्थिति को देखते हुए नेपाल और चीन की ओर से राहत एवं बचाव अभियान को फिलहाल रोक दिया गया है। स्थानीय प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों को तत्काल सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने की चेतावनी दी है।
वहीं चीन की ओर से भी ग्यिरोंग पोर्ट और तिब्बत के प्रभावित क्षेत्रों से लोगों और पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर निकाला जा रहा है। नेपाल में भोटेकोशी और त्रिशूली नदी के आसपास हाई अलर्ट जारी करते हुए लोगों से नदी किनारे जाने से बचने की अपील की गई है।
लगातार प्राकृतिक आपदा और तेज जल प्रवाह के बीच प्रशासन की नजर अब नदी के बढ़ते जलस्तर पर है। यदि जलस्तर तेजी से बढ़ता है तो निचले इलाकों में हालात और गंभीर हो सकते हैं। फिलहाल लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
Hardoi, Hardoi | Aug 28, 2026