आज दिनांक 13.06.2026 को प्रातः जिला पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई, सोलन की एक टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर चक्की मोड़ के समीप स्थित एक होटल में दबिश दी गई। सूचना प्राप्त हुई थी कि होटल के एक कमरे में कुछ व्यक्ति गैम्बलिंग कॉइन्स/चिप्स (Gambling Coins/Chips) के माध्यम से धनराशि दांव पर लगाकर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल में छापेमारी की। दबिश के दौरान होटल के एक कमरे में कुल 10 व्यक्तियों, जिनमें 01 महिला एवं 09 पुरुष शामिल थे, को ताश के पत्तों पर नकद राशि दांव पर लगाकर अवैध रूप से जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। पुलिस टीम द्वारा मौके पर तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से ताश के पत्ते, गैम्बलिंग चिप्स/कॉइन्स तथा कुल ₹78,078/- (अठहत्तर हजार अठहत्तर रुपये) की जुए की राशि बरामद की गई, जिसे नियमानुसार कब्जे में लिया गया। पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान नवीन पुत्र स्वर्गीय श्री अशोक कुमार निवासी डेराबस्सी, जिला मोहाली (पंजाब), अनूप पुत्र श्री अजीत सिंह निवासी पटियाला (पंजाब), मोहन सिंह पुत्र श्री अतर सिंह निवासी जिला सिरमौर (हि.प्र.), विक्रम सिंह पुत्र श्री पूर्ण सिंह निवासी देहरादून (उत्तराखण्ड), तायडे गणेश पुत्र श्री बबन निवासी बुलढाणा (महाराष्ट्र), हाल निवासी जिला पंचकूला (हरियाणा), साहिल पुत्र श्री सुरेश कुमार निवासी जीरकपुर (पंजाब), संजू राम पुत्र श्री कन्नू राम निवासी जिला पंचकूला (हरियाणा), मोहित मेहता पुत्र श्री आत्म प्रकाश निवासी जिला करनाल (हरियाणा), करण कुमार पुत्र श्री केवल कृष्ण निवासी मोहाली (पंजाब) तथा कंचन सिंह पुत्री श्री कृष्णा सिंह निवासी रोहिणी, दिल्ली के रूप में हुई है। इस संबंध में पुलिस थाना परवाणू में सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों से गहन पूछताछ की गई तथा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के अंतर्गत उन्हें पाबंद किया गया। पुलिस द्वारा आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी गहन पड़ताल की जा रही है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।
Solan, Solan | Jun 13, 2026