#HarGharTiranga अभियान के तहत ग्राम पंचायत झोड़ में निकली तिरंगा रैली
कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के मार्गदर्शन में ’’हर घर तिरंगा अभियान 2026’’ के अंतर्गत विकासखंड पहाड़गढ़ की ग्राम पंचायत झोड़ में स्व-सहायता समूह की दीदियों एवं ग्राम के बच्चों द्वारा तिरंगा रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से ग्रामीणों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान तथा देशभक्ति की भावना को प्रबल करने का संदेश दिया गया।
तिरंगा रैली में ग्राम संगठन की अध्यक्ष मनीषा दीदी एवं सचिव सहित स्व-सहायता समूह की दीदियों तथा बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रैली के दौरान सभी ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया तथा देशभक्ति के जयकारों से वातावरण को राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत कर दिया।
इस अवसर पर श्री मुकेश बुनकर ने उपस्थित स्व-सहायता समूह की दीदियों एवं बच्चों को 15 अगस्त को मनाए जाने वाले स्वतंत्रता दिवस के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करते हुए स्वतंत्रता दिवस को हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा एवं सम्मान बनाए रखने का संदेश भी दिया।
तिरंगा रैली के दौरान बच्चों एवं स्व-सहायता समूह की दीदियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने भी रैली का स्वागत करते हुए अभियान के प्रति अपनी सहभागिता एवं समर्थन व्यक्त किया।
इसी प्रकार मुरैना जिले के सबलगढ़, पहाड़गढ़ एवं अंबाह विकासखंड सहित अन्य विकासखंडों में भी ’’हर घर तिरंगा अभियान 2026’’ के अंतर्गत तिरंगा रैलियों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों में जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति का संदेश दिया।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #IndependenceDay #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh
345 views | Morena, Madhya Pradesh | Aug 9, 2026