गढ़वाल विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव: जय हो के अध्यक्ष प्रत्याशी हिमांशु भंडारी ने कराया नामांकन
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को जय हो छात्र संगठन की ओर से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी हिमांशु भंडारी ने अपना नामांकन दाखिल किया। संगठन ने इस बार अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और छात्रा प्रतिनिधि पद पर प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं।
अध्यक्ष पद के प्रत्याशी हिमांशु भंडारी पीएचडी के छात्र हैं। संगठन के अनुसार, विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में पहली बार पीएचडी स्तर का कोई छात्र अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहा है। संगठन ने उनके अकादमिक अनुभव को चुनाव अभियान में प्रमुख आधार बनाया है। उसका कहना है कि उच्च शिक्षा के स्तर पर अध्ययनरत छात्र के नेतृत्व से छात्र हितों से जुड़े विषयों को अकादमिक दृष्टिकोण के साथ उठाने में मदद मिल सकती है।
कोषाध्यक्ष पद पर बीएससी फॉरेस्ट्री के छात्र राम रूप गुजर और छात्रा प्रतिनिधि पद पर बीटेक द्वितीय वर्ष की छात्रा सुनिधि सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है।
जय हो छात्र संगठन ने अपने चुनाव अभियान में छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दी है। संगठन का कहना है कि वह 5 प्रतिशत कैंपस वेटेज, डिग्री में ‘सेंट्रल यूनिवर्सिटी’ लिखे जाने तथा विभिन्न पाठ्यक्रमों में सीटें कम किए जाने जैसे मुद्दों को लेकर पूर्व में आंदोलन कर चुका है। संगठन के अनुसार, इन आंदोलनों के दौरान छात्र नेताओं और छात्रों को मुकदमों का सामना भी करना पड़ा।
नामांकन के दौरान संगठन के पदाधिकारी और समर्थक मौजूद रहे। इस दौरान आयुष मियां, दिव्यांशु बहुगुणा, अंकित रावत, शिवांश डोभाल, वीरेंद्र बिष्ट, कैवल्य जखमोला और दिशांत धनाई सहित कई छात्र नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।