अररिया, 06 अक्टूबर 2026
जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की कार्यों की समीक्षा बैठक, मरीजों को रेफर करते समय रेफरल का स्पष्ट स्थिति अंकित करने का निर्देश
जिला पदाधिकारी, अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिविल सर्जन, सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक उपस्थित रहे।
बैठक में सदर अस्पताल एवं प्रखंडस्तरीय स्वास्थ्य संस्थानों से किए जा रहे मरीजों के रेफरल की विस्तृत समीक्षा की गई। रेफर किए गए मरीजों के रेफरल के कारणों की भी समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान जिन मरीजों के रेफरल में कारण अंकित नहीं पाए गए, उनके संबंध में संबंधित चिकित्सकों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने एवं मामले की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि मरीजों को रेफर करते समय रेफरल का स्पष्ट एवं उचित चिकित्सकीय कारण अनिवार्य रूप से अंकित किया जाए, ताकि मरीज के उपचार की निरंतरता बनी रहे और उच्च स्वास्थ्य संस्थान में मरीज को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में सुविधा हो।
बैठक में ‘एनीमिया मुक्त बिहार’ कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी द्वारा एनीमिया की जांच एवं स्क्रीनिंग में गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने निर्देश दिया कि एनीमिया की जांच निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से की जाए तथा जांच के उपरांत आवश्यक उपचार एवं फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए।
इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों एवं प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधकों को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने, मरीजों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता को गंभीरता से लिया जाएगा तथा संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी की जवाबदेही निर्धारित की जाएगी।
जिला प्रशासन अररिया
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
18 views | Araria, Bihar | Oct 7, 2026