ऋषिकेश में 190 पाउच अवैध शराब के साथ स्कूटी सवार गिरफ्तार
चेकिंग के दौरान भागने की कोशिश, रेलवे फ्लाईओवर के पास आबकारी टीम ने घेरकर पकड़ा
ऋषिकेश। अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने ऋषिकेश में 190 पाउच देशी शराब के साथ एक स्कूटी सवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी स्कूटी से शराब लेकर शहर में बिक्री के लिए पहुंचा था। चेकिंग के दौरान रुकने के बजाय उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
आबकारी विभाग के अनुसार, 26 सितंबर को आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में देहरादून-ऋषिकेश रोड पर जंगलात चौकी के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर काले रंग की स्कूटी (UK07X-4508) को रुकने का इशारा किया गया। चालक ने भागने का प्रयास किया, जिस पर टीम ने पीछा कर रेलवे फ्लाईओवर के पास उसे घेरकर रोक लिया।
तलाशी लेने पर स्कूटी में रखे बैग और डिग्गी में मौजूद कट्टे से माल्टा टेट्रा पैक देशी शराब के कुल 190 पाउच बरामद हुए। पूछताछ में चालक ने शराब शहर में बिक्री के लिए लाने की बात बताई।
आबकारी टीम ने आरोपी ऋषिपाल पुत्र हरि सिंह, निवासी दाबकी, थाना देहात, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
कार्रवाई में उप आबकारी निरीक्षक अर्जुन सिंह, आबकारी सिपाही अंकित कुमार, आशीष चौहान, रेशमा चौहान और सोनम पंवार शामिल रहे।