प्रस्फुटन समितियां विकसित मध्य प्रदेश का आधार- पद्मश्री मोहन नागर
जन अभियान परिषद की जिला स्तरीय बैठक में ग्राम एवं नगर विकास समितियों की सक्रियता पर दिया जोर
–––
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त पद्मश्री श्री मोहन नागर की अध्यक्षता में तथा कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया की विशेष उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संवाद योजना अंतर्गत परिषद संवाद कार्यक्रम के तहत नवांकुर संस्थाओं की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात जिला समन्वयक श्रीमती प्रिया चौधरी ने जिले में जन अभियान परिषद द्वारा संचालित गतिविधियों तथा नवांकुर संस्थाओं के कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया।
गांवों का विकास ही भारत का विकास
बैठक में जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर ने जन अभियान परिषद के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज और गांवों के समग्र विकास के लिए सामूहिकता एवं स्वावलंबन को आधार बनाकर कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि गांवों का विकास ही भारत का विकास है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने गांव को स्वावलंबी बनाने के लिए सरकार के साथ सहभागी बनना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस दिशा में नवांकुर संस्थाओं के माध्यम से ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियां महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। जिले में कई समितियां सराहनीय कार्य कर रही हैं। इन समितियों को और अधिक सक्रिय बनाकर विकास कार्यों को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाया जा सकता है।
विकास समितियां परिषद का आधार
बैठक में उपस्थित संभाग समन्वयक श्री वरुण आचार्य ने ग्राम एवं नगर विकास प्रस्फुटन समितियों को जन अभियान परिषद का आधार बताते हुए नवांकुर संस्थाओं से समितियों की सक्रियता बढ़ाने और उनके कार्यों पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। बैठक के दौरान रायसेन जिले में घुमंतू समुदायों का सर्वे करने वाले कैलाश नायक का उपाध्यक्ष पद्मश्री मोहन नागर द्वारा फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया। सर्वे कार्य में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले मनफूल नायक का भी सम्मान किया गया। दोनों सर्वेक्षणकर्ताओं ने बंजारा समाज के कल्याण से संबंधित सर्वेक्षण कार्य को गंभीरता एवं निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया। इस उपलब्धि पर उपाध्यक्ष श्री नागर ने दोनों की सराहना की। इस दौरान नवांकुर संस्थाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों का प्रस्तुतिकरण किया गया।
Raisen, Madhya Pradesh | Oct 29, 2026