Churu बालरासर तंवरान में विद्यार्थियों को पौधे, टी-शर्ट व कपड़े के बैग वितरित
चूरू, 9 जुलाई। ढाढर सहयोग विकास एवं सेवा समिति तथा समाजसेवी यादराम कस्वां के संयुक्त तत्वावधान में संचालित "हरियालो बालरासर तंवरान, प्लास्टिक मुक्त बालरासर तंवरान" अभियान के तहत गुरुवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बालरासर तंवरान में पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सभी विद्यार्थियों को एक-एक पौधा, टी-शर्ट एवं कपड़े का बैग वितरित किया गया। विद्यार्थियों ने पौधों की देखभाल करने और प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि पीईईओ हवा सिंह सहारण ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण की नींव बनेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
विद्यालय की प्राचार्य सुनीता दादरवाल ने कहा कि शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण के संस्कार देना भी जरूरी है। उन्होंने प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े के बैग अपनाने पर जोर दिया। समाजसेवी यादराम कस्वां ने बताया कि अभियान का उद्देश्य गांव को हराभरा बनाने और प्लास्टिक मुक्त समाज के प्रति जागरूकता फैलाना है।
इस दौरान स्थानांतरण होकर विद्यालय में आए चार वरिष्ठ अध्यापकों का साफा व माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ, एसडीएमसी सदस्य, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। अंत में सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त गांव बनाने का संकल्प लिया।
Churu, Churu | Jul 9, 2026