कुटुंब डिजाइन का दीपावली स्नेह मिलन समारोह आयोजित, गीत-संगीत और खेलों के बीच मनाई खुशियां
नोहर। दीपावली के अवसर पर कुटुंब डिजाइन, नोहर की ओर से यहा होटल मोंटी-इन में दीपावली स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। संस्थान के प्रबंधक इंजीनियर गोपाल स्वामी के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में आपसी प्रेम, भाईचारे और मेलजोल का माहौल देखने को मिला। समारोह में कुटुंब डिजाइन की टीम के सदस्यों के साथ नोहर के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता आश्रम के महंत योगी रामनाथ 'अवधूत' ने मां लक्ष्मी और भारत माता की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की। इस दौरान सभी ने सुख-समृद्धि, खुशहाली और देश की तरक्की की कामना की।
इसके बाद समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया। गीत-संगीत और अलग-अलग खेलों के माध्यम से टीम के सदस्यों ने खूब आनंद लिया। हंसी-मजाक और आपसी मेलजोल के बीच सभी ने दीपावली की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम में टीम के सदस्यों की भागीदारी ने समारोह को यादगार बना दिया।
समारोह में काम से जुड़ी जानकारी देने के लिए प्रोजेक्टर के माध्यम से विशेष कार्यशाला भी आयोजित की गई। इसमें प्रॉपर्टी की कीमत का आकलन करने, संपत्ति से जुड़े नक्शों और उनकी कीमत तय करने के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान टीम के सदस्यों को अपने काम को बेहतर तरीके से समझने का अवसर मिला।
इस अवसर पर इंजीनियर गोपाल स्वामी ने कहा कि दीपावली स्नेह मिलन जैसे कार्यक्रमों से टीम के सभी सदस्यों को एक साथ मिलने और खुशियां बांटने का अवसर मिलता है। इससे आपसी मेलजोल बढ़ता है और टीम में मिलकर काम करने की भावना मजबूत होती है।
अंत में कुटुंब डिजाइन परिवार की ओर से समारोह में शामिल हुए सभी अतिथियों, गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम खुशियों, आपसी प्रेम और भाईचारे के संदेश के साथ संपन्न हुआ।