उमरिया जिला अस्पताल में शॉर्ट सर्किट से भड़की आग, वार्डों में भरा धुआं, मरीजों में मची अफरा-तफरी
उमरिया से बड़ी खबर।
उमरिया जिला अस्पताल में गुरुवार देर रात सेंट्रल इलेक्ट्रिकल पैनल में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क उठी। आग से निकले धुएं के कारण अस्पताल के वार्डों और परिसर में हड़कंप मच गया। घटना के बाद मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई।हालात बिगड़ते देख अस्पताल में भर्ती मरीजों को बाहर निकाला गया।अस्पताल स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर मरीजों के साथ गर्भवती और प्रसूता महिलाओं को भी सुरक्षित बाहर पहुंचाया। वहीं, बिजली आपूर्ति बंद होने से अस्पताल परिसर अंधेरे में डूब गया।घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।दूसरी ओर, बिजली विभाग ने शॉर्ट सर्किट के कारणों की जांच शुरू कर दी है।हालांकि, इस घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से अस्पताल की व्यवस्थाएं प्रभावित हुईं।अब सवाल यह है कि जिला अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र में विद्युत सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कितने प्रभावी हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे? उमरिया जिला अस्पताल से जुड़ी इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।