*प्रेस विज्ञप्ति*
समाहरणालय, मधेपुरा
सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय
दिनांक : 31 अगस्त 2026
*जिला समन्वय समिति की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित*
*लंबित मामलों के त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन का डीएम ने दिया निर्देश*
मधेपुरा, 31 अगस्त 2026। जिला पदाधिकारी, मधेपुरा श्री आशीष रंजन की अध्यक्षता में जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ जिला समन्वय समिति की साप्ताहिक समीक्षा बैठक डी आर डी ए परिसर स्थित झल्लू बाबू सभागार में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित आवेदनों एवं मामलों की समीक्षा करते हुए उनके समयबद्ध निष्पादन के निर्देश दिए गए।
*विधिक एवं न्यायालयीय मामलों की समीक्षा*
जिला विधिक प्रशाखा से संबंधित CWJC, MJC, LPA, नीलाम पत्र वाद एवं लंबित पत्रों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही भूमि सुधार उप समाहर्ता, मधेपुरा एवं उदाकिशुनगंज के न्यायालय से पारित आदेशों के अनुपालन की भी समीक्षा हुई। डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक समन्वय स्थापित कर न्यायालयीय आदेशों का नियमानुसार अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
*जनता से प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन पर जोर*
जनता दरबार, मुख्यमंत्री जनता दरबार, लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम, 2011, PMO पोर्टल एवं CPGRAMS से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए डीएम ने लंबित आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादित करने का निर्देश दिया।
*आंगनबाड़ी केंद्रों की सुविधाओं की होगी समीक्षा*
आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन, शौचालय, पेयजल एवं विद्युत सुविधा सहित अन्य आधारभूत आवश्यकताओं की समीक्षा की गई। डीएम ने सभी सीडीपीओ के साथ बैठक कर केंद्रवार समस्याओं की पहचान एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
*पेंशन एवं वित्तीय मामलों में तेजी के निर्देश*
सामाजिक सुरक्षा के तहत लंबित जीवन प्रमाणीकरण का कैंप लगाकर शत-प्रतिशत निष्पादन करने का निर्देश दिया गया, ताकि लाभुकों को समय पर पेंशन मिल सके। वहीं सभी विभागों को एसी/डीसी बिल का शत-प्रतिशत समायोजन शीघ्र सुनिश्चित करने को कहा गया।
*CM Dashboard एवं विधानसभा के लंबित पत्रों का करें निष्पादन*
जिला पदाधिकारी ने CM Dashboard एवं विधानसभा सचिवालय से प्राप्त लंबित पत्रों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने तथा सभी लंबित मामलों का नियमित अनुश्रवण कर अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि लंबित आवेदनों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा प्रत्येक मामले का नियमानुसार एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करना सभी पदाधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (राजस्व), जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला स्थापना उपसमाहर्ता, डीपीओ योजना, आईटी मैनेजर, स्वास्थ्य, कृषि सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी तथा सभी बीडीओ एवं सीओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar