*ग्राम सभा की बैठक में मोबाइल पर ताश खेलते दिखे रोजगार सहायक, ग्रामीणों में रोष*
लहार..2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायत बड़ोखरी में आयोजित विशेष ग्राम सभा की बैठक में उस समय असहज स्थिति बन गई, जब ग्राम रोजगार सहायक मोहित तिवारी सार्वजनिक चर्चा छोड़कर मोबाइल पर ताश (गेम) खेलते नजर आए।
बैठक के दौरान एक ओर ग्रामीण और जनप्रतिनिधि गांव के विकास कार्यों और समस्याओं पर गंभीर चर्चा कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर रोजगार सहायक का पूरा ध्यान अपने मोबाइल स्क्रीन पर ताश के पत्तों पर लगा रहा। वहां मौजूद ग्रामीणों ने इस लापरवाही को कैमरे में कैद कर लिया, जिसके बाद से मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि शासन द्वारा महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा और विकास कार्यों की रूपरेखा तय करने के लिए आयोजित की गई इस बैठक में जिम्मेदार कर्मचारी का ऐसा रवैया प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। ग्रामीणों ने वरिष्ठ अधिकारियों से इस गैर-जिम्मेदाराना आचरण का संज्ञान लेते हुए रोजगार सहायक के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।