*लहार-श्यामपुरा मुख्य मार्ग पर कचरे का अंबार*
🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰🟰
*नगरपालिका की लापरवाही से राहगीर परेशान, उठ रही तीखी बदबू*
लहार। नगर में स्वच्छता अभियानों के दावों की हवा निकालते हुए नगरपालिका द्वारा मुख्य मार्ग के किनारे ही कचरा फेंका जा रहा है। लहार-श्यामपुरा रोड पर खुले में डाले जा रहे इस कचरे के निष्पादन के अभाव में क्षेत्र में भारी गंदगी और बदबू फैल गई है, जिससे आवागमन करने वाले राहगीरों और वाहन चालकों का निकलना दूभर हो गया है, लहार से श्यामपुरा जाने वाले व्यस्त मार्ग के किनारे रोजाना नगरपालिका के वाहनों द्वारा कचरा डंप किया जा रहा है। उचित निष्पादन व्यवस्था न होने से सड़क किनारे कचरे का बड़ा ढेर लग चुका है, हवा चलने पर कचरा उड़कर सड़क पर आ रहा है और उठती तीव्र दुर्गंध के कारण लोगों को मुंह पर कपड़ा बांधकर सफर करना पड़ रहा है। बारिश या नमी की स्थिति में सड़े हुए कचरे से संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है,सड़क किनारे जमा कचरे में खाने की तलाश में आवारा मवेशी जुटे रहते हैं, जो अक्सर बीच सड़क पर आ जाते हैं। इससे दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का जोखिम हमेशा बना रहता है।
स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने प्रशासन से कचरा यहां फेंकने पर तत्काल रोक लगाने तथा एकत्रित कचरे के वैज्ञानिक निष्पादन की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे विरोध प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।
Bhind Nagar, Bhind | Oct 4, 2026