निर्वाची पदाधिकारी -सह -प्रमंडलीय आयुक्त ने बांकीपुर गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर स्कूल स्थित व्रजगृह -सह- मतगणना केंद्र का किया निरीक्षण; सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी एवं आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
पटना शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का मतदान 23 अक्टूबर 2026 को संपन्न होना है। निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा मतदान कर्मियों एवं आम नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निर्वाचन संबंधी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इसी क्रम में निर्वाची पदाधिकारी-सह-प्रमंडलीय आयुक्त श्री राजेश कुमार ने बांकीपुर गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर स्कूल, पटना स्थित व्रजगृह एवं मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रमंडलीय आयुक्त ने निर्देश दिया कि मतगणना केंद्र पर सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके लिए 22 अक्टूबर से ही केंद्र पर मजिस्ट्रेट, पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पूरे परिसर एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निदेश दिया. परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश नगर निगम, पटना को दिया गया ।
उल्लेखनीय है कि इसी केंद्र से 22 अक्टूबर को पटना जिले के मतदान दलों को रवाना किया जाएगा। इसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने बिजली, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सुविधा एवं हेल्प डेस्क सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि मतदान कर्मियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि केंद्र में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के पास वैध पहचान पत्र होना अनिवार्य है। बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं में पूर्ण सतर्कता बरतने तथा सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने को कहा।
निर्वाचन संबंधी सूचना एवं शिकायत के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित
पटना शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन के दौरान मतदान प्रक्रिया के अनुश्रवण, आम लोगों की सुविधा तथा निर्वाचन से संबंधित सूचना एवं शिकायत प्राप्त करने के लिए निर्वाची पदाधिकारी-सह-प्रमंडलीय आयुक्त के कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इसके अतिरिक्त पटना, नालंदा एवं नवादा जिले में भी जिला नियंत्रण कक्ष के माध्यम से निर्वाचन संबंधी सूचनाएं प्राप्त की जा सकती हैं।
नियंत्रण कक्षों के दूरभाष नंबर निम्नवत हैं:
1. निर्वाची पदाधिकारी-सह-प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय स्थित नियंत्रण कक्ष
0612-2219205
0612-2233578
2. जिला नियंत्रण कक्ष, पटना
0612-2999774
3. जिला नियंत्रण कक्ष, नालंदा
18003456323
4. जिला नियंत्रण कक्ष, नवादा
06324-299948
आम नागरिक एवं संबंधित मतदाता इन नियंत्रण कक्षों के माध्यम से निर्वाचन से जुड़ी आवश्यक सूचनाएं दे सकते हैं तथा अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। प्राप्त सूचनाओं एवं शिकायतों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
*आदर्श आचार संहिता के अनुपालन पर रखें नजर*
प्रमंडलीय आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारी को आदर्श आचार संहिता का सख़्ती से अनुपालन कराने का निर्देश दिया है.उन्होंने सभी जिलों के फ्लाइंग स्क्वायड एवं जिला पदाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक को इस पर विशेष नजर रखने को कहा है.
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Chief Electoral Officer, Bihar
4 views | Patna, Bihar | Oct 22, 2026