मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक विचित्र पहल सेवा समिति’ के सामाजिक कार्यों की सराहना की, समिति परिवार में खुशी की लहर
औरैया। समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय एक विचित्र पहल सेवा समिति, रजि. औरैया के लिए गौरव का क्षण सामने आया है। समिति द्वारा पिछले लगभग 13 वर्षों से किए जा रहे जनसेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के कार्यों को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्र के माध्यम से समिति का उत्साहवर्धन किया। इस उपलब्धि पर समिति परिवार ने मुख्यमंत्री के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।
समिति के अनुसार, मुख्यमंत्री की ओर से 2 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र क्रमांक 3340 के माध्यम से समिति के सामाजिक कार्यों की सराहना की गई। इससे समिति के सदस्यों एवं महिला शक्ति का मनोबल बढ़ा है और संगठन में हर्ष का माहौल है।
13 वर्षों से समाजसेवा में जुटी है समिति
समिति द्वारा यमुना तट स्थित अंत्येष्टि स्थलों पर नियमित स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसके अंतर्गत 171 चरणों में अभियान संचालित करने और लगभग 49 टन कचरे को यमुना नदी में जाने से रोकने का दावा किया गया है।
समिति के प्रमुख कार्यों में जरूरतमंद परिवारों की 78 बेटियों के विवाह में सहयोग, ‘नेकी की दीवार’ निःशुल्क वस्त्र बैंक का संचालन, महिला सशक्तिकरण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नशामुक्ति अभियान तथा जल एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए जनजागरूकता कार्यक्रम शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, ‘जीवनधारा पौधारोपण अभियान’ के तहत प्रतिवर्ष 5,100 पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का लक्ष्य रखा जाता है। समिति जरूरतमंदों, असहाय वृद्धों, विधवाओं और दिव्यांग बच्चों की सहायता के लिए भी प्रयासरत है।
जिला अस्पताल में मरीजों को जलपान
समिति ने 1 जुलाई 2026 से औरैया के 50 शैय्या जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को प्रतिदिन सुबह 7 बजे जलपान उपलब्ध कराने की पहल भी शुरू की है। इसके साथ ही धार्मिक एवं राष्ट्रीय पर्वों पर विभिन्न सामाजिक और रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
संस्थापक और अध्यक्ष का हुआ अभिनंदन
मुख्यमंत्री की ओर से मिले प्रोत्साहन पर समिति के सदस्यों एवं नगरवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। इस विशेष उपलब्धि के अवसर पर समिति के संस्थापक एवं ‘औरैया रत्न’ आनन्द नाथ गुप्ता एडवोकेट तथा संस्था के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) का माल्यार्पण कर और मिठाई खिलाकर जोरदार अभिनंदन किया गया।
समिति परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रोत्साहन सामाजिक सेवा के कार्यों को और अधिक समर्पण एवं ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा देगा।
दिबियापुर द लीजेंड | Auraiya की अपनी पहचान
जानकारी भरोसे की
खबर पसंद आए तो पोस्ट को लाइक और शेयर करें तथा ऐसी ही स्थानीय जानकारियों के लिए पेज को फॉलो करें।