अल्टीमेटम खत्म: मेडिकल स्टाफ न मिलने पर GMSSS सलूणी में अनशन शुरू, बच्चों के भविष्य को लेकर उठी आवाज
सुनील पहाड़ी,
सलूणी, चंबा। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सलूणी में लंबे समय से रिक्त पड़े मेडिकल स्टाफ के पदों को भरने के लिए सरकार को दिया गया 10 दिन का अल्टीमेटम समाप्त होने के बाद स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) और क्षेत्र के समाजसेवियों ने आज से भूख हड़ताल शुरू कर दी है।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहीं समाज सेविका अंजू धीमान तथा एसएमसी अध्यक्ष देस राज ठाकुर ने कहा कि सरकार और संबंधित विभाग को समस्या के समाधान के लिए पर्याप्त समय दिया गया था, लेकिन समय-सीमा समाप्त होने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि मेडिकल स्टाफ की कमी का सीधा असर विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और भविष्य पर पड़ रहा है।
अनशन में एसएमसी सदस्य दिनेश कुमार राणा, मनोज ठाकुर, मुकेश कुमार, रीतू सूर्यवंशी और अरविंद कुमार भी शामिल हैं। सभी का कहना है कि जब तक स्कूल में मेडिकल स्टाफ की स्थायी नियुक्ति नहीं होती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
आंदोलनकारियों ने सवाल उठाया कि बच्चों के भविष्य से जुड़ा इतना महत्वपूर्ण मुद्दा होने के बावजूद सरकार ने अब तक गंभीरता क्यों नहीं दिखाई। उनका कहना है कि चाहे राज्य सरकार हो या केंद्र सरकार, बच्चों का भविष्य सर्वोपरि होना चाहिए और शिक्षा संस्थानों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
अनशन शुरू होने के साथ ही पूरे सलूणी क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें अभिभावकों और स्थानीय ग्रामीणों पर टिकी हैं कि वे इस आंदोलन को कितना समर्थन देते हैं। क्षेत्रवासियों का मानना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला, तो यह आंदोलन आने वाले दिनों में बड़े जनआंदोलन का रूप ले सकता है।
#Salooni #Chamba #HimachalPradesh #Education #StudentHealth #GMSSSSalooni #SMC #AnjuDhiman #DesRajThakur #PahadiNews #HimachalNews #SchoolNews #Students #BreakingNews #SalooniNews
Chamba, Chamba | Jun 18, 2026