अभिषेक मेघवाल व सहजान खान का राजस्थान जूनियर फुटबॉल टीम में चयन
नोहर 27 अगस्त छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन के तत्वावधान में 1 सितंबर से आयोजित होने वाली ऑल इंडिया जूनियर बॉयज फुटबॉल चैंपियनशिप में भाग लेने वाली राजस्थान की टीम में हनुमानगढ़ जिले के दो प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन हुआ है। जिले के लिए यह गौरव का विषय है कि अभिषेक मेघवाल और सहजान खान राजस्थान टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
चैंपियनशिप में राजस्थान टीम अपने अभियान की शुरुआत 1 सितंबर को बिहार के खिलाफ करेगी। इसके बाद टीम का दूसरा मुकाबला 3 सितंबर को झारखंड के साथ तथा अंतिम लीग मुकाबला 5 सितंबर को उत्तराखंड के खिलाफ होगा। प्रतियोगिता के इस चरण में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम अगले राउंड के लिए क्वालीफाई करेगी। दोनों खिलाड़ियों के राजस्थान टीम में चयन से हनुमानगढ़ जिले के फुटबॉल खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। जिला फुटबॉल संघ हनुमानगढ़ तथा जिले के खेल प्रेमियों ने अभिषेक मेघवाल और सहजान खान को चयन पर बधाई दी और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। जिला फुटबॉल संघ हनुमानगढ़ के सचिव शशिकांत शर्मा ने दोनों खिलाड़ियों के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर हनुमानगढ़ और राजस्थान का नाम रोशन करेंगे।