मेहसिमा में शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में विदेशी व नेपाली शराब बरामद, 1 गिरफ्तार
सुपौल जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मेहसिमा वार्ड नंबर 11 में उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर देर रात छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी और नेपाली शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि मेहसिमा वार्ड नंबर 11 निवासी पवन कुमार, पिता स्व. राम अवतार यादव के घर में शराब का भंडारण किया गया है। सूचना के सत्यापन के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर से विभिन्न ब्रांडों की बड़ी मात्रा में विदेशी शराब के साथ नेपाली देसी शराब भी बरामद हुई। कुल 2515 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई, जिसमें 750 ML की 158 बोतल, 180 ML की 2311 बोतल, 375 ML की 43 बोतल और पब्लो विस्की 375 ML की 14 बोतल शामिल हैं। इसके अलावा *नेपाली देसी शराब मामा श्री 300 ML की 26 बोतल भी मिली। कुल मिलाकर 560 लीटर शराब जब्त की गई।
उत्पाद अधीक्षक अशोक कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। पूछताछ में पता चला कि पवन कुमार को यह शराब किसी अन्य व्यक्ति ने सप्लाई की थी। मोबाइल की जांच कर अन्य लोगों को भी चिन्हित किया जा रहा है।
अधिकारी ने बताया कि पवन कुमार पहले भी शराब मामले में गिरफ्तार हो चुका है और करीब 2 साल पहले जेल से बेल पर छूटा था। उस समय भी उसके पास से बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई थी।
छापेमारी दल में मध्य निषेध निरीक्षक कुश कुमार, निरीक्षक प्रभुनाथ सिंह, विष्णुदेव यादव सहित अन्य पुलिस बल शामिल थे। गिरफ्तार पवन कुमार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Supaul, Supaul | Aug 20, 2026