फर्जी बैनामे का आरोप लगाकर महिला ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
संतकबीरनगर। बखिरा थाना क्षेत्र के ग्राम सौरहा निवासी पुष्पा चौधरी पत्नी जगन्नाथ चौधरी ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर गाटा संख्या 122 की भूमि का कथित रूप से फर्जी बैनामा कराने तथा जान-माल का खतरा होने का आरोप लगाया है।
पुष्पा चौधरी का आरोप है कि इलायची देवी पत्नी स्वर्गीय सोधन एवं दशरथ पुत्र कन्सू के नाम कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उप निबंधक कार्यालय मेहदावल की कथित मिलीभगत से गाटा संख्या 122 का फर्जी बैनामा कराया गया। उनका कहना है कि वर्ष 1993 से लेकर वर्ष 2026 तक की खतौनी में गाटा संख्या 122 पर इलायची देवी और दशरथ का नाम दर्ज नहीं है तथा वे सह-खातेदार भी नहीं हैं।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि याद अली पुत्र शौकत अली तथा धर्मेंद्र सिंह निवासी ग्राम चौरही, थाना बखिरा, उन्हें लगातार डरा-धमका रहे हैं। पीड़िता ने आशंका जताई है कि उनके साथ कभी भी कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
पुष्पा चौधरी ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा उन्हें सुरक्षा और न्याय दिलाने की मांग की है।