मारपीट प्रकरण में पीड़ित पहुंचा एसपी कार्यालय, निष्पक्ष जांच व सुरक्षा की लगाई गुहार
संतकबीरनगर। दुधारा थाना क्षेत्र के डिघवा दुबे गांव निवासी प्रदीप कुमार ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर मारपीट के मामले में न्याय की मांग की है।
उन्होंने प्रार्थना पत्र सौंपते हुए आरोप लगाया कि रास्ते में उनकी पिकअप गाड़ी रोककर कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं।
पीड़ित का कहना है कि घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज होने के बाद विपक्षी पक्ष के प्रभाव में उनके खिलाफ भी मामला दर्ज कर दिया गया, जबकि वह स्वयं इस घटना के पीड़ित हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी लगातार उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे उनके परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।
प्रदीप कुमार ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा उन्हें सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। अब इस प्रकरण में पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर लोगों की नजर बनी हुई है।