11 हजार वोल्ट के करंट की चपेट में आने से दिहाड़ी मजदूर की दर्दनाक मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अरवल जिले के बेलखारा गांव से बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां 45 वर्षीय जय किशन सिंह की 11 हजार हाई वोल्टेज बिजली के अर्थिंग करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जय किशन सिंह हर दिन की तरह मंगलवार, 25 अगस्त 2026 को भी दिहाड़ी मजदूरी करने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान वह बिजली के हाई वोल्टेज अर्थिंग करंट की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जय किशन सिंह दिहाड़ी मजदूरी कर अपने छोटे बेटे, बेटी और पूरे परिवार का भरण-पोषण करते थे। सीमित आमदनी के बावजूद वह अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और बेहतर भविष्य के लिए दिन-रात मेहनत करते थे। उनकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
ग्रामीणों और परिजनों का कहना है कि जय किशन सिंह ही परिवार के एकमात्र प्रमुख सहारा थे। अब उनके चले जाने के बाद बच्चों की पढ़ाई और परिवार के भरण-पोषण की चिंता सामने खड़ी है।
परिजनों और ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन एवं बिहार सरकार से मांग की है कि सरकारी प्रावधान के तहत मिलने वाला मुआवजा तत्काल उपलब्ध कराया जाए, ताकि परिवार को आर्थिक सहारा मिल सके और बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो सके। Arvind Yadav Public ki Awaz Public Ki Awaz - News
Arwal, Arwal | Aug 25, 2026