गरीबस्थान मंदिर में 300 छठ व्रतियों के बीच साड़ी व पूजा सामग्री वितरित
एसडीओ पूर्वी आनंद उत्सव ने किया वितरण, न्यास समिति की ओर से आयोजित हुआ सेवा कार्यक्रम
लोक आस्था एवं सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा 2026 के अवसर पर प्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ मंदिर परिसर स्थित सभागार में श्री गरीबनाथ मंदिर न्यास समिति की ओर से 300 छठ व्रतियों के बीच साड़ी एवं पूजा सामग्री का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी सह न्यास समिति के उपाध्यक्ष आनंद उत्सव ने अपने हाथों से छठ व्रती महिलाओं के बीच साड़ी एवं पूजा सामग्री वितरित की। इस दौरान उन्होंने सभी व्रतियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
इस अवसर पर न्यास समिति के सचिव एनके सिन्हा, सदस्य सुरेश चाचान, गोपाल फलक, प्रधान पुजारी विनय पाठक एवं पिंकू पाठक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
न्यास समिति की ओर से आयोजित इस सेवा कार्यक्रम का उद्देश्य छठ व्रतियों को सहयोग प्रदान करना और महापर्व के अवसर पर सामाजिक सेवा एवं सहयोग की भावना को मजबूत करना था।
Musahri, Muzaffarpur | Nov 13, 2026