ग्राम सिंगावदा में वीर सैनिकों एवं उनके परिजनों का सम्मान
सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा जिला उपाध्यक्ष महेश चौहान एवं ग्रामीणों ने किया सम्मान समारोह का आयोजन
देवास। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम सिंगावदा में देश की रक्षा में अपना योगदान देने वाले वीर सैनिकों एवं उनके परिजनों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष महेश चौहान एवं ग्रामवासियों ने सैनिकों को शाल, श्रीफल एवं मिठाई भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह में सेवानिवृत्त सैनिक जीवन कुमार आर्य एवं बंटी प्रकाश चौहान सहित अर्जुन पटेल और अभिषेक चौहान का सम्मान किया गया। इसके साथ ही देश की सीमाओं पर तैनात रहकर राष्ट्र की सुरक्षा में जुटे सैनिकों के पिताओं को भी सम्मानित कर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर महेश चौहान एवं ग्रामीणों ने कहा कि देश के वीर सैनिक विषम परिस्थितियों में भी सीमाओं की रक्षा करते हुए राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। सैनिकों के साथ उनके परिवार भी त्याग, धैर्य और समर्पण के माध्यम से देशसेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से वीर सैनिकों के अदम्य साहस, त्याग और देशभक्ति को नमन करते हुए उनके परिजनों के योगदान की सराहना की गई। ग्रामीणों ने सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।