नौवें माह की गर्भवती को बिगड़ी हालत में किया रेफर, मृत बच्चे के जन्म पर नर्सिंग होम के खिलाफ तहरीर
बेल्थरारोड, 30 सितंबर। उभांव थाना क्षेत्र के तिरनई खुर्द निवासी फुलपति राजभर ने बेल्थरारोड स्थित राहुल नर्सिंग होम पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मंगलवार को पुलिस को लिखित तहरीर दी। महिला ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के अनुसार, उनकी बहू नौवें माह की गर्भवती थी। 22 सितंबर को सरकारी अस्पताल में जांच कराने के बाद वह दवा लेने राहुल मेडिकल स्टोर पहुंची थी। परिजनों का आरोप है कि जांच रिपोर्ट देखने के बाद उसे राहुल नर्सिंग होम में भर्ती कराने की सलाह दी गई। इसके बाद उसी दिन उसे नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।
परिजनों के मुताबिक, अगले दिन प्रसूता की तबीयत बिगड़ने पर उसे मऊ रेफर कर दिया गया। वहां से हालत गंभीर बताते हुए बनारस रेफर किया गया। बनारस के अस्पताल में प्रसूता ने मृत बच्चे को जन्म दिया।
परिजनों ने नर्सिंग होम में उपचार के दौरान लापरवाही बरते जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दी गई तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
#बलिया #बेल्थरारोड #उभांव #तिरनईखुर्द #राहुलनर्सिंगहोम #स्वास्थ्यविभाग #चिकित्सालापरवाही #गर्भवतीमहिला #मृतबच्चा #नर्सिंगहोम #पुलिस #तहरीर #जांच #कार्रवाई #बलिया_न्यूज़ #बलिया24न्यूज़