झींझक में पुलिस का सघन वाहन चेकिंग अभियान, दो बाइक चालान, तीन सवारी वालों को चेतावनी
झींझक, कानपुर देहात। जिले में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सोमवार शाम करीब 7 बजे झींझक पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस कप्तान के निर्देश पर चौकी प्रभारी अवनीश कुमार वर्मा ने पुलिस बल के साथ चौकी के समीप वाहनों की गहन जांच की।
अभियान के दौरान मोटरसाइकिल सवारों को रोककर उनके वाहन संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई। बिना हेलमेट, नंबर प्लेट और ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाते पाए जाने पर दो मोटरसाइकिलों का चालान किया गया। वहीं तीन सवारी बैठाकर बाइक चला रहे लोगों को कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
वाहन चेकिंग शुरू होते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कई बाइक सवार पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए गलियों और वैकल्पिक रास्तों से निकलते दिखाई दिए।
चौकी प्रभारी अवनीश कुमार वर्मा ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और हमेशा हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की अपील की। उन्होंने बताया कि वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार का चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।