समाहरणालय, खगड़िया
प्रेस विज्ञप्ति
08-10-2026
*अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत अंतर-पीढ़ीगत संवाद एवं संवेदनशीलता कार्यक्रम का आयोजन*
अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत अंतर-पीढ़ीगत संबंध सुदृढ़ीकरण (Inter-Generational Bonding) के उद्देश्य से जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, खगड़िया के तत्वावधान में उन्मुखीकरण-सह-संवेदीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वृद्धजनों एवं युवा पीढ़ी के बीच संवाद, आपसी समझ, सम्मान एवं भावनात्मक जुड़ाव को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं वृद्धजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर वृद्धजनों ने अपने जीवन के अनुभव, संघर्ष, उपलब्धियों एवं प्रेरणादायक संस्मरणों को बच्चों के साथ साझा किया।
अंतर-पीढ़ीगत संवाद के दौरान बच्चों ने वृद्धजनों के अनुभवों को ध्यानपूर्वक सुना तथा उनके जीवन मूल्यों, संस्कारों और सामाजिक अनुभवों से सीख प्राप्त की। वहीं, वृद्धजनों ने भी बच्चों के साथ संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा, अनुशासन, परिश्रम, संस्कार एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति प्रेरित किया।
कार्यक्रम में वृद्धजनों एवं छात्र-छात्राओं को सम्मानित/पुरस्कृत भी किया गया। उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां वृद्धजनों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को हमारी सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस अवसर पर जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा उपस्थित प्रतिभागियों को वृद्धजनों के अधिकार, सम्मानजनक जीवन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा समाज में वृद्धजनों की महत्वपूर्ण भूमिका के संबंध में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं तथा उनके अनुभव और जीवन ज्ञान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का महत्वपूर्ण स्रोत हैं। अंतर-पीढ़ीगत संवाद से दोनों पीढ़ियों के बीच विश्वास, संवेदनशीलता एवं सामाजिक समरसता को और मजबूत किया जा सकता है।
जिला सामाजिक सुरक्षा, खगड़िया द्वारा भविष्य में भी वृद्धजनों एवं युवा पीढ़ी के बीच संवाद एवं सहभागिता को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों के आयोजन पर बल दिया गया।
1 views | Khagaria, Bihar | Oct 8, 2026