कांगड़ा में दौड़ रही ‘ग्रीन क्रांति’, 45 इलेक्ट्रिक बसों ने बदली सफर की तस्वीर! Kangra Express
धर्मशाला, 2 सितंबर : हिमाचल को ‘ग्रीन हिमाचल’ बनाने की दिशा में सरकार की इलेक्ट्रिक परिवहन पहल अब कांगड़ा में तेजी से धरातल पर उतर रही है। जिले के विभिन्न रूटों पर 45 इलेक्ट्रिक बसें यात्रियों को पर्यावरण अनुकूल, आरामदायक और कम शोर वाली यात्रा सुविधा दे रही हैं।
एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक इंजीनियर पंकज चड्ढा के अनुसार, इलेक्ट्रिक बसों में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और दोनों दरवाजे पूरी तरह बंद होने के बाद ही बस संचालन शुरू होता है।
💰 डीजल के मुकाबले आधे से भी कम खर्च
ई-बसों से एचआरटीसी के परिचालन खर्च में बड़ी बचत हो रही है। जहां डीजल बस पर करीब 25-26 रुपये प्रति किलोमीटर खर्च आता है, वहीं इलेक्ट्रिक बस का खर्च लगभग 11-12 रुपये प्रति किलोमीटर है।
⚡ 6.35 करोड़ से बने चार्जिंग स्टेशन
कांगड़ा जिले में धर्मशाला, नगरोटा बगवां, देहरा, पालमपुर, पठानकोट, बैजनाथ, जसूर और कांगड़ा में करीब 6.35 करोड़ रुपये की लागत से ई-चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं। वहीं जयसिंहपुर और शाहपुर में करीब 1.26 करोड़ रुपये की लागत से नए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।
Kangra, Kangra | Sep 2, 2026