ग्राम पंचायत सुनारा के कुंडी गांव में युवा संवाद, सचिन ठाकुर ने सुनीं जनसमस्याएं
वरिष्ठ नागरिकों का मार्गदर्शन और युवाओं का उत्साह जनसेवा की प्रेरणा : सचिन ठाकुर
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो कुंडी (सुनारा), 18 अक्टूबर।
ग्राम पंचायत सुनारा के कुंडी गांव स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में रविवार को युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सचिन ठाकुर ने पंचायत के प्रबुद्ध जनों, वरिष्ठ नागरिकों और युवा साथियों के साथ संवाद कर क्षेत्र की विभिन्न स्थानीय समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। कार्यक्रम में युवाओं के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों ने भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान से जुड़े विषय साझा किए।
संवाद के दौरान सामने आई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सचिन ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अपने पिता एवं एपीएमसी चंबा के अध्यक्ष ललित ठाकुर के आशीर्वाद से संबंधित विभागों और प्रशासन के समक्ष इन मुद्दों को उठाया जाएगा तथा उनके शीघ्र समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
सचिन ठाकुर ने कहा कि युवा संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और समाज के प्रबुद्ध लोगों के साथ सीधा संपर्क स्थापित करना तथा क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं को समझकर उनके समाधान की दिशा में पहल करना है। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से जहां युवाओं को अपनी बात रखने का अवसर मिल रहा है, वहीं वरिष्ठ नागरिकों का अनुभव, मार्गदर्शन और आशीर्वाद भी प्राप्त हो रहा है।
उन्होंने युवा साथियों के जोश और उत्साह के साथ वरिष्ठ नागरिकों से मिल रहे स्नेह एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। सचिन ठाकुर ने कहा कि लोगों का विश्वास और मार्गदर्शन उन्हें जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े मुद्दों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।