किशनगंज: बारिश शुरू होते ही शहर के तेघरिया वार्ड संख्या-8 की सड़क पर जलजमाव की समस्या एक बार फिर सामने आ गई है। सड़क पर पानी भर जाने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ शिव मंदिर, राधे-कृष्ण मंदिर और बाबा श्याम मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी राहुल कुमार ने बताया कि हर वर्ष सड़क का निर्माण कराया जाता है, लेकिन एक साल के भीतर ही सड़क जर्जर हो जाती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नाला तो बना हुआ है और उसकी साफ-सफाई भी होती है, लेकिन बरसात के दौरान नाला भर जाने के कारण पानी सड़क पर फैल जाता है, जिससे जलजमाव की स्थिति बन जाती है।
जलभराव के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन जोखिम भरा हो जाता है। वहीं पैदल चलने वाले लोगों और मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी असुविधा होती है।
स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से मांग की है कि इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि हर बारिश में लोगों को जलजमाव की परेशानी का सामना न करना पड़े और श्रद्धालु बिना किसी बाधा के मंदिरों तक पहुंच सकें।