देश विरोधी ताकते आंदोलनों की आड़ में संवैधानिक संस्थाओं पर कर रहे हमले।
भारत की ताकत यहां की परिवार व्यवस्था- ओम प्रकाश
युवा चिटे जैसे खतरनाक नशे से रहे दूर।
Kullu Times
पनारसा खंड में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का विजयदशमी उत्सव और पथ संचलन कार्यक्रम मार्कंडेय ऋषि की तपोस्थली थरास के प्रांगण में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ,
जिसमें 200 स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में अनुशासन और देशभक्ति का संदेश देते हुए कदमताल की।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि, सशस्त्र सीमा बल से डीएफओ के पद से सेवानिवृत्त राम लोक द्वारा दीप प्रज्वलित कर और पूर्ण विधि-विधान के साथ शस्त्र पूजन के साथ की गई। इस अवसर पर क्षेत्र की मातृशक्ति द्वारा पथ संचलन के दौरान स्वयंसेवकों पर पुष्प वर्षा की गई, जिससे पूरा क्षेत्र 'भारत माता की जय' के नारों से गूंज उठा और संपूर्ण माहौल देशभक्ति के रंग में रंग गया।
समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह प्रांत प्रचारक ओम प्रकाश ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया। अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा कि विजयदशमी अधर्म पर धर्म, बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अंधकार पर प्रकाश की जीत का पावन पर्व है। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना को 100 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं, जिसके चलते हम सभी स्वयंसेवकों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संघ का मुख्य कार्य शाखा के माध्यम से व्यक्ति निर्माण करना है और शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में संघ ने 'पंच परिवर्तन' का संकल्प लिया है, जिसे समाज में उतारने के लिए उन्होंने आम जनता से सहयोग का आग्रह किया।
वर्तमान समय की चुनौतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्य वक्ता ने कहा कि आजकल चिट्टे का कारोबार और मोबाइल की लत हमारी युवा पीढ़ी को बर्बाद कर रही है। उन्होंने देश विरोधी ताकतों के षड्यंत्रों से सचेत करते हुए कहा कि आज भारत विरोधी ताकतों द्वारा नकारात्मक नैरेटिव सेट किए जा रहे हैं और हमें भाषा व जाति जैसे सभी प्रकार के भेदभावों से ऊपर उठना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ताकतें बांग्लादेश, श्रीलंका, पाकिस्तान और अफगानिस्तान की तर्ज पर भारत को तोड़ने की साजिश रच रही हैं तथा आंदोलनों की आड़ में संवैधानिक संस्थाओं पर हमले किए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इन प्रवृत्तियों को समय रहते नहीं रोका गया, तो ये तत्व आने वाले समय में हमारे मंदिरों के विरुद्ध भी आंदोलन शुरू कर सकते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि भारतवर्ष की सबसे मजबूत कड़ी हमारी 'परिवार व्यवस्था' है, जिसके कारण देश विरोधी ताकतें अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पा रही हैं। अर्थव्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज भारत जीडीपी के मामले में कई देशों से आगे निकल चुका है, परंतु विदेशी ताकतें लगातार हमें पीछे धकेलने के प्रयासों में लगी हुई हैं।
कार्यक्रम के अंत में स्वयंसेवकों ने अपनी गौरवशाली उपस्थिति से अनुशासन, निष्ठा और राष्ट्रभक्ति की मिसाल पेश की। इस गरिमामयी आयोजन में संघ के कई प्रमुख दायित्ववान कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिनमें प्रांत कृषक प्रमुख किशोर कुमार, पनारसा खंड संघ चालक जय कृष्ण शर्मा, खंड कार्यवाह ओत राम, संपर्क प्रमुख भोला राम, विद्या भारती हिमाचल शिक्षा समिति प्रांत कार्यकारिणी सदस्य जोगिंदर ठाकुर, भाग सिंह, जिला कृषक प्रमुख नोख सिंह, हिंदू जागरण मंच जिला संयोजक कर्ण सेन , विभाग प्रचार प्रमुख राजमल चौहान, जिला कुटुंब प्रबोधन संयोजक कुलदीप कुमार, जिला घोष प्रमुख अमर सिंह, पनारसा खंड प्रचार प्रमुख विजय शर्मा और विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष संजय ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल थे।
Kullu, Kullu | Oct 18, 2026