सोलन में शहरी इंटक फेडरेशन की मासिक बैठक संपन्न, बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों के साथ नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश
सोलन, 10 अक्टूबर। सोलन में शहरी इंटक फेडरेशन की मासिक बैठक शहरी इंटक अध्यक्ष श्री संजीव शर्मा की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में संगठन की गतिविधियों, आपसी समन्वय, श्रमिक हितों और सामाजिक जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर शहरी इंटक अध्यक्ष श्री संजीव शर्मा ने कहा कि संगठन श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना और उन्हें शिक्षा, खेलकूद तथा रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों, सामाजिक संगठनों और युवाओं से नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने आकर्षक एवं मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा और उत्साह की सभी ने सराहना की। कार्यक्रम के अंत में श्री संजीव शर्मा ने बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बनाने के साथ-साथ नई पीढ़ी की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर महिला इंटक फेडरेशन की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी चौहान की विशेष उपस्थिति रही। साथ ही इंटक महासंघ के प्रदेश कानूनी सलाहकार अधिवक्ता श्री आदित्य ठाकुर, प्रदेश महासचिव (संगठन) श्रीमती आरती शांडिल, शहरी उपाध्यक्ष श्रीमती मधु ठाकुर सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संगठन की एकजुटता मजबूत करने, श्रमिकों के अधिकारों के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने तथा नशामुक्त और जागरूक समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
Solan, Solan | Oct 12, 2026