स्वतंत्रता दिवस से पहले छीपाबड़ पुलिस का सुरक्षा अभियान, होटल-लॉज से लेकर रेलवे स्टेशन तक सघन जांच
अनोखा तीर, छीपाबड़। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर छीपाबड़ पुलिस ने थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विशेष चेकिंग एवं सर्चिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक श्री शशांक एवं अनुभागीय अधिकारी खिरकिया के निर्देशन में पुलिस टीम ने होटल, लॉज, रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर जांच की।
अभियान के दौरान पुलिस जवानों ने होटल एवं लॉज में ठहरे लोगों की जानकारी और रजिस्टर की जांच की। इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों तथा वस्तुओं की भी बारीकी से पड़ताल की गई। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और उनके सामान की सुरक्षा के दृष्टिकोण से जांच की गई।
डॉग स्क्वाड ने भी की सघन सर्चिंग
सुरक्षा अभियान में डॉग स्क्वाड को भी शामिल किया गया। प्रशिक्षित डॉग की मदद से होटल-लॉज, रेलवे स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की गई। पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, पार्किंग सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का भी निरीक्षण किया।
पुलिस द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि स्वतंत्रता दिवस के आयोजन के दौरान कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
Harda, Harda | Aug 14, 2026