जेएनयू प्रकरण पर मुजफ्फरपुर में भाजपा महिला मोर्चा का आक्रोश! राहुल गांधी का पुतला फूंककर जताया विरोध
मुजफ्फरपुर। जेएनयू में मणिपुर के कांग्रेस सांसद डॉ. आंगोमचा बिमोल अकोइजाम से जुड़े प्रकरण और छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में मंगलवार को भाजपा महिला मोर्चा ने आक्रोश मार्च निकालकर प्रदर्शन किया।
भाजपा मुजफ्फरपुर पूर्वी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष डॉ. मोनालिशा रॉय के नेतृत्व में निकला यह मार्च भाजपा जिला कार्यालय से शुरू होकर सेवा ज्योति चौक, भारत माता नमन स्थल होते हुए समाहरणालय तक पहुंचा। इसके बाद सेवा ज्योति चौक पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध जताया गया।
इस दौरान डॉ. मोनालिशा रॉय ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में छात्राओं की गरिमा, सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने तथा तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम का संचालन पश्चिमी महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष याचना शाही ने किया। प्रदर्शन में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. ममता रानी, जिला मीडिया प्रभारी अंजली साह, मनोरमा पासवान, अनुराधा, अंजू सिन्हा, जिला प्रवक्ता जुनैद खान, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष अफरीदी समेत महिला मोर्चा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
#MuzaffarpurNews #BJPMahilaMorcha #JNUControversy #RahulGandhi #TirhutNow